उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी उज्जैन जिला ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ ने “हर घर तिरंगा अभियान” को जिले में मिली अभूतपूर्व सफलता पर जिले की समस्त जनता, युवा साथियों, मातृशक्ति, शिक्षकगण, सम्माननीय सांसद, विधायकगण, जनप्रतिनिधियों, व्यापारी बंधुओं, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं समस्त कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया है। जिलाध्यक्ष श्री धाकड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर पूरे देश के साथ-साथ हमारे उज्जैन ग्रामीण जिले में भी जिस जोश, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के साथ तिरंगा यात्रा एवं “हर घर तिरंगा” अभियान मनाया गया, वह हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी व प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में यह अभियान वास्तव में जन-जन का अभियान बन गया। घर-घर और गली-गली फहराता तिरंगा इस बात का प्रतीक बना कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता ही हमारी सबसे बड़ी पहचान है और हम सभी एक सूत्र में बंधे हुए हैं।
श्री धाकड़ ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर लोगों को तिरंगा वितरित किया और तिरंगा यात्राओं में अग्रणी भूमिका निभाई। माताओं-बहनों ने अपने घरों को तिरंगे से सजाकर देशभक्ति का संदेश दिया। शिक्षकों ने विद्यालयों में बच्चों को तिरंगे का महत्व समझाया और प्रभात फेरियों का आयोजन किया। जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में प्रत्येक मंडल में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं और प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हुए। व्यापारी बंधुओं ने भी अपने प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाकर इस अभियान में सहभागिता की।
जिलाध्यक्ष जी ने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करने और उसे मजबूत करने का संकल्प है। तिरंगे के सम्मान में निकली प्रत्येक यात्रा ने यह सिद्ध कर दिया कि उज्जैन ग्रामीण की जनता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगे भी हम सब मिलकर “एक देश, एक तिरंगा, एक शान” के मंत्र के साथ सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के कार्यों में इसी ऊर्जा और समर्पण भाव से जुटे रहेंगे।
जिलाध्यक्ष ने ‘हर घर तिरंगा’अभियान की जिला टोली के राकेश यादव,महिपाल सिंह उमठ,निरंजन मेहता,गजेंद्र सिंह राजावत व मंडलो की टोली के सदस्यों का भी सफल आयोजन की व्यवस्था हेतु आभार प्रकट किया।
जिला मीडिया प्रभारी गजेन्द्र परमार ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा उज्जैन ग्रामीण के अंतर्गत आने वाले सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा कार्यक्रम अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुए। प्रत्येक मंडल में कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा के साथ दायित्व निभाया जिसके परिणामस्वरूप यह अभियान ऐतिहासिक सफलता प्राप्त कर सका।
