उज्जैन । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन में मोरारी बापू द्वारा निकाली जाने वाली भारत स्वास्तिक यात्रा के दौरान आयोजित कथा में शामिल हुए तथा उन्होंने मोरारी बापू की कथा का श्रवण किया। इसके बाद डॉक्टर मोहन यादव ने मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि राम कथा समाज को जोड़ने, समाज और अध्यात्म की ओर ले जाने का माध्यम है। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि सनातन धर्म विश्व का सर्वश्रेष्ठ धर्म है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदू धर्म में गोपालन करने की बात कही गई है। हमारी सरकार भी गोपालन को प्रोत्साहन देने और गौशाला बनाने में लगी हुई है। इससे न केवल दूध उत्पादन में वृद्धि होगी बल्कि किसानों की आर्थिक हालात में सुधार होगा । प्राकृतिक खेती को भी गौ पालन से बढ़ावा मिलेगा।मोरारी बापू ने डॉ.मोहन यादव को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव सहज हैं।उन्होंने मुख्यमंत्री की सहजता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य का राजा यदि स्वयं धर्म सभा आए तो इसे एक शुभ संकेत समझना चाहिए ।
