उज्जैन। विगत दो वर्षों से 12 दिवसीय धार्मिक जल-कलश पदयात्रा मोक्षदायिनी माँ क्षिप्रा के तट रामघाट से प्रारंभ हुई। यह पदयात्रा माँ क्षिप्रा, माँ नर्मदा और माता साडू जी की बावड़ी का पवित्र जल कलश में भरकर सनातन धर्म व विष्णु के अवतार भगवान श्री देवनारायण जी के प्रति आस्था को बढ़ावा देने हेतु निकाली जा रही है। धार्मिक यात्रा मध्यप्रदेश के प्रमुख शहर उन्हेल, नागदा, जावरा, दलोदा, मन्दसौर, पिपलियामण्डी, मल्हारगढ़, नीमच, नयागाँव होते हुए राजस्थान के निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, मांडल, तहसील आसींद में विश्वविख्यात अन्तर्राष्ट्रीय तीर्थ मालासेरी डुंगरी पर बाल स्वरूप विष्णु के अवतार भगवान श्री देवनारायण जी का महाजलाभिषेक के साथ पदयात्रा का समापन होगा। उक्त जानकारी देते हुए यात्रा संयोजक एवं देव भक्त लाखनसिंह लोहागढ़, उज्जैन ने बताया कि यात्रा में मालासेरी डुंगरी के मुख्य पुजारी हेमराज जी पोसवाल, संत श्री 1008 मंगलदास जी महाराज, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष रघुवीरसिंह जी पटेल सहित हजारों की संख्या में देवभक्त यात्रा में सम्मिलित हुए हैं। पदयात्रा का जगह-जगह मंच लगाकर स्वागत हो रहा है। पदयात्रा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी व अन्य केन्द्रीय मंत्रियों सहित गणमान्य नागरिक यात्रा में सम्मिलित हुए। जानकारी मीडिया प्रभारी रवि चौधरी ने दी।
