उज्जैन। त्रिशूल शिवगण वाहिनी द्वारा शिप्रा नदी के पुनर्जीवन, स्वच्छता और जन-जागरण के उद्देश्य से प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली ‘संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा’ यात्रा इस वर्ष 21 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी. इस यात्रा में ज्योतिषपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज श्रीश्री 1008 वर्चुअली सम्मिलित होंगे.
संस्था के संस्थापक सुरेंद्र चतुर्वेदी, शैलेश आनंद गिरी जी महाराज, महंतश्री विशालदास जी महाराज, महंतश्री नीलेश्वर पुरी जी महाराज और श्री गिरीश गुरु जी महाराज ने पत्रकारवार्ता में बताया कि नदी को स्वच्छ और प्रवाहमान बनाने के लिए हर वर्ष कार्तिक मास में यह यात्रा निकाली जाती है. वहीं संस्थापक त्रिशूलपाणी आदित्य नागर ने बताया कि यात्रा 21 नवंबर 2026 को प्रातः 8 बजे रामघाट पर पूजन और संतों के आशीर्वचन के बाद शुरू होगी.
यात्रा का प्रमुख रूट और पड़ाव
- 21 नवंबर: रामघाट से शुरू होकर रामानुज कोट, गणगौर दरवाजा, गोपाल मंदिर, कंठाल, नई सड़क, मालीपुरा, चामुंडा माता चौराहा, टावर और तीनबत्ती चौराहा होते हुए पहले पड़ाव देवलघाट व ग्राम बोलासा पहुंचेगी. इसके बाद ग्राम शिप्रा, ग्राम दकनाखेड़ी और शिप्रा उद्गम स्थल उज्जैनी पहुंचेगी, जहां केवड़ेश्वर धाम में रात्रि विश्राम होगा.
- 22 नवंबर: प्रातः शिप्रा उद्गम स्थल से रवाना होकर ग्राम सिमरोड और सांवेर होते हुए सायं दत्तअखाड़ा घाट व उपनिषद आश्रम पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा.
- 23 नवंबर: प्रातः उपनिषद आश्रम से निकलकर रणजीत हनुमान, ऋणमुक्तेश्वर, कालभैरव, सिद्धनाथ, शिप्रा-गंभीर संगम स्थल, मेलनाथ, आलोट जागीर, महिदपुर रोड और आलोट होते हुए शिप्रा-चंबल संगम स्थल सिपावरा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा.
- 24 नवंबर: सिपावरा से परिक्रमा के बाद यात्रा महिदपुर घाट, नारायणा धाम, अंगारेश्वर, मंगलनाथ, खाकचौक, केडी गेट, कमरीमार्ग, ढाबा रोड, कार्तिक चौक और रामानुज कोट होते हुए शाम 5 बजे रामघाट पहुंचेगी. (निर्माण कार्यों के चलते मार्ग में आंशिक बदलाव संभावित है).
- ‘एक दिया शिप्रा के नाम’ अभियान और संतों की अपील यात्रा के दौरान सभी पड़ावों पर शिप्रा पूजन, चुनरी अर्पण, श्रमदान, वृक्षारोपण और धर्म चेतना सभा का आयोजन होगा. 24 नवंबर को रामघाट पर ‘एक दिया शिप्रा के नाम’ अभियान के साथ यात्रा का समापन होगा. संस्था के आशीर्वाददाता ध्यानश्री शैलेश आनंद गिरी जी महाराज, महंतश्री विशालदास जी महाराज, महंतश्री नीलेश्वर पुरी जी महाराज और श्री गिरीश गुरु जी महाराज ने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की है. साथ ही संतों ने आग्रह किया है कि दीपदान बहते जल में प्रवाहित करने के बजाय घाटों पर ही करें, ताकि नदी स्वच्छ रहे और जलचरों पर कोई प्रतिकूल असर न पड़े.
