Sunday, November 29, 2026
Homeउज्जैनमहात्रिपुरसुंदरी शक्तिपीठ में शृंगेरी शंकराचार्य जी का पावन आगमन एवं प्रवचन

महात्रिपुरसुंदरी शक्तिपीठ में शृंगेरी शंकराचार्य जी का पावन आगमन एवं प्रवचन

उज्जैन। श्री ललिता महात्रिपुरसुंदरी शक्तिपीठ, नृसिंहघाट में दक्षिणाम्नाय शृंगेरी शारदा पीठ श्री जगद्गुरु शंकराचार्य महास्वामी विधुशेखर भारती का पावन आगमन हुआ। आचार्यश्री ने सर्वप्रथम ब्रह्मलीन स्वामी श्री राघवानंद ब्रह्मचारी के तपोवन में स्थापित देवविग्रहों का पूजन-अर्चन किया। आश्रम के विद्यार्थियों-ब्रह्मचारियों ने वेदध्वनि करते हुए महास्वामी जी का अभिनंदन किया।
विद्वत्प्रवर, न्यायचूड़ामणी सच्चिदानंद (संदीप शर्मा) द्वारा शंकराचार्य जी की पादपूजा की गयी तथा विद्वत्वर्य उमेश शर्मा, बद्रीलाल रावल, नवीन गोयल, महेंद्र शर्मा, ईश्वर अग्निहोत्री एवं समर्थ शर्मा ने स्वागत किया। वेदाध्ययन कर रहे विद्यार्थियों ने सभा के मध्य देववाणी-संस्कृत में विचार-मंथन किया। विद्यार्थी उद्धव पौराणिक ने शक्तिवाद, विनायक पौराणिक ने गोलोक, विकास शर्मा ने व्युत्पत्तिवाद, दयाशंकर त्रिपाठी ने पंचलक्षणी और रुद्रांश ओझा ने मुक्तावली पर वाक्यार्थ किया, जिसे पूज्य शंकराचार्य जी ने परिमार्जित व मार्गदर्शित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्धजनों को सम्बोधित करते हुए महास्वामी जी ने कहा- मनुष्य को वेद एवं शास्त्रानुकूल आचरण करना चाहिए। वेदाध्ययन करने से श्रेय की प्राप्ति होती है। हमें वेदों की रक्षा करनी चाहिए और जो वेदों की सेवा में संलग्न हैं, उनका सम्मान समाज को करना चाहिए। शक्तिपीठ के सभामंडप में आबालवृद्ध जनसमुदाय ने प्रवचनों को आत्मसात करते हुए धर्मलाभ लिया। यहाँ से शंकराचार्य जी ने राजस्थान की ओर प्रस्थान किया। उक्त जानकारी डॉ. संजीव तिवारी द्वारा दी गयी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments