Friday, November 27, 2026
Homeउज्जैनभाजपा जिला उज्जैन ग्रामीण द्वारा लोकशक्ति भवन पर संविधान गौरव दिवस मनाया...

भाजपा जिला उज्जैन ग्रामीण द्वारा लोकशक्ति भवन पर संविधान गौरव दिवस मनाया गया

उज्जैन।संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला उज्जैन ग्रामीण द्वारा जिला कार्यालय लोकशक्ति भवन पर संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के योगदान को याद करते हुए उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है, जिसने देश के प्रत्येक नागरिक को न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का अधिकार दिया है। संविधान निर्माण में डॉ. अंबेडकर जी की ऐतिहासिक भूमिका के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने संविधान को अंगीकृत किया था। बाबा साहेब ने 2 वर्ष 11 माह 18 दिन के अथक परिश्रम से हमें दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान दिया, जिसने गरीब, वंचित, दलित, पिछड़े, आदिवासी और महिला – सभी को बराबरी का हक दिया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संविधान के मूल्यों के अनुरूप समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। गरीब कल्याण, महिला सम्मान, किसान हित और युवाओं को अवसर – यही संविधान की सच्ची भावना है। मोदी जी ने ही 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया और बाबा साहेब के पंचतीर्थ बनाकर उन्हें सच्चा सम्मान दिया।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि आज संविधान रक्षा की बात करने वाली कांग्रेस के कार्यकाल में ही सर्वाधिक संशोधन हुए। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान को कुचला था, वह केवल जनता को भ्रमित कर रही है, जबकि भाजपा लोकतांत्रिक परंपराओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा का कार्यकर्ता संविधान को हाथ में नहीं, हृदय में रखता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में संविधान के अनुरूप ही सुशासन चल रहा है। आइए, हम सभी संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की मजबूती तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लें और संविधान में निहित न्याय, समता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें।
जिला मीडिया प्रभारी गजेन्द्र परमार ने बताया कि इस अवसर पर अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश महामंत्री गणपतलाल डाबी, पूर्व जिला अध्यक्ष बहादुर सिंह बोरमुंडला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुँवर देवड़ा, जिला महामंत्री राकेश यादव व श्याम शर्मा, समस्त मोर्चों के जिलाध्यक्षगण, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, भाजपा के जनप्रतिनिधिगण एवं देवतुल्य कार्यकर्ता बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री श्याम शर्मा ने किया व आभार जिला मंत्री श्रीमती रीतू पाटीदार ने माना।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments