उज्जैन-इंदौर सिक्सलेन पर आठ साल में बनकर तैयार हुए श्रृंगेरी शंकराचार्य मठ में अब 26 नवंबर को मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के साथ शुभारंभ होने जा रहा है। दक्षिणाम्नाय श्री शारदा पीठ, श्रृंगेरी के जगद्गुरु शंकराचार्य विधुशेखर भारती सन्निधानम के उज्जैन प्रवास के दौरान यह धार्मिक आयोजन होगा।
आयोजन में तीन गांवों के लोगों के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की जा रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शामिल होने की संभावना है।
शंकराचार्य 25 नवंबर की शाम महेश्वर से उज्जैन पहुंचेंगे। 26 और 27 नवंबर तक उनका उज्जैन में प्रवास निर्धारित है। 26 नवंबर को मठ में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होगा। इसके बाद 28 नवंबर को वे राजस्थान के जडोली वीर के लिए रवाना होंगे।
1966 में हुई थी मठ स्थापना परंपरा की शुरुआत
श्रृंगेरी मठ से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, उज्जैन में मठ की स्थापना की परंपरा करीब 60 साल पुरानी है। 1966 में श्रृंगेरी के शंकराचार्य के चातुर्मास प्रवास के दौरान कालिदास पैलेस क्षेत्र से जुड़ा प्रसंग सामने आया था। इसके बाद उज्जैन में मठ की स्थापना और जमीन लेने के प्रयास शुरू हुए।
1997 में करीब 2 एकड़ यानी 0.810 हेक्टेयर भूमि मठ को एक रुपए वार्षिक लीज रेंट पर आवंटित की गई थी। मठ निर्माण के लिए अनुमति की प्रक्रिया भी आगे बढ़ी, लेकिन जमीन और निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया में समय लगा। सिंहस्थ क्षेत्र में मठ निर्माण के लिए जमीन और अनुमति को लेकर कई स्तरों पर प्रयास किए गए। 2016 में सिंहस्थ क्षेत्र में निर्माण अनुमति के संबंध में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई हुई। बाद में सिंहस्थ क्षेत्र से बाहर जमीन चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
2018 में डेंडिया की करीब दो एकड़ जमीन एक रुपए वार्षिक लीज पर आवंटित किए जाने का उल्लेख दस्तावेज में है। इसी आवंटित जमीन पर मठ निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ी और करीब आठ साल में मठ का निर्माण पूरा हुआ।
5 साल की उम्र में हुआ उपनयन संस्कार
महज 5 साल की उम्र में विधुशेखर भारती का उपनयन संस्कार हुआ और उन्होंने अपने पिता एवं दादाजी की छत्रछाया में कृष्ण यजुर्वेद का गहन अध्ययन किया। उन्होंने बहुत कम समय में इसका अध्ययन किया और आज शंकराचार्य पद का महत्वपूर्ण दायित्व संभाल रहे हैं। 24 जुलाई 1993 को तिरुपति में जन्मे विधुशेखर भारती ने 2009 में श्रृंगेरी शारदा पीठ में शास्त्रों की शिक्षा ली।
जमीन आवंटन की रोचक कहानी
श्रृंगेरी शंकराचार्य मठ उज्जैन में जमीन आवंटन की कहानी केवल सरकारी प्रक्रिया और फाइलों तक सीमित नहीं रही। इस पूरे घटनाक्रम में एक ऐसा प्रसंग भी सामने आया है, जिसमें कालियादेह पैलेस की जमीन को लेकर बातचीत के दौरान पूर्व एसडीएम व तत्कालीन तहसीलदार शिवकुमार दुबे भावुक हो गए थे।
उनके दस्तावेज में दर्ज घटनाक्रम के अनुसार, शंकराचार्य की इच्छा, जमीन के स्वामित्व की स्थिति और तत्कालीन राजमाता से संवाद का यह प्रसंग जमीन आवंटन की कहानी का अहम हिस्सा है। 1994-95 में शिवकुमार दुबे घट्टिया तहसीलदार के पद पर पदस्थ थे। श्रृंगेरी शंकराचार्य के उज्जैन आगमन पर सत्कार की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी। इसी दौरान शंकराचार्य ने कालियादेह पैलेस जाने की इच्छा व्यक्त की।
वहां पहुंचकर शंकराचार्यजी रोने लगे। दुबे ने उनके सचिव पद्मश्री डॉ. हीर आर गोरीशंकर से इसका कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि 1966 में शंकराचार्य ने अपने गुरु श्रृंगेरी शंकराचार्य के साथ कालियादेह पैलेस में चातुर्मास किया था। उस स्मृति से जुड़ी जमीन पर उज्जैन में मठ स्थापित करने की उनकी इच्छा थी।
शंकराचार्य चाहते थे कि कालियादेह पैलेस की जमीन मठ स्थापना के लिए उन्हें दी जाए, लेकिन जमीन तत्कालीन केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया और उनकी माताजी राजमाता विजयाराजे सिंधिया के नाम संयुक्त रूप से दर्ज थी। जमीन के संबंध में निर्णय लेने का अधिकार उन्हीं के पास था।
जब शंकराचार्य के सचिव डॉ. गोरीशंकर नई दिल्ली से लौटकर आए, तब दुबे ने उनसे पूछा कि क्या हुआ। उन्होंने बताया कि राजमाता से कालियादेह पैलेस की भूमि के संबंध में निवेदन किया गया था। राजमाता प्रस्ताव पर रोने लगीं और कोई उत्तर नहीं दिया। इसके बाद जमीन आवंटन की प्रक्रिया शुरू हुई थी।
