उज्जैन: बेंगलुरु में आयोजित एशियाई मास्टर्स स्विमिंग चौंपियनशिप में उज्जैन नगर पालिक निगम के कर्मचारी एवं तरण ताल पर तैराकी कोच श्री अर्जुन सिंह सोलंकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर बैक स्ट्रोक (पीठ के बल तैराकी) स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने 25 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 16 प्रतिभागियों के बीच तृतीय स्थान प्राप्त कर उज्जैन सहित पूरे मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
अर्जुन सिंह सोलंकी की इस उपलब्धि पर महापौर श्री मुकेश टटवाल ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तरणताल में कोच के रूप में दे रहे सेवाएं
श्री अर्जुन सिंह सोलंकी वर्तमान में नगर निगम के तरणताल में कोच के रूप में पदस्थ हैं। इसके साथ ही वे अटल पार्क में रसीद काटने का कार्य भी करते हैं। पूर्व में नगर निगम के जनसंपर्क विभाग में भी कार्यरत रहे हैं, इस उपलब्धि पर जनसंपर्क विभाग के अधिकारी श्री पवन कुमार एवं कर्मचारियों ने भी अर्जुन सिंह का सम्मान कर उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की, शासकीय दायित्वों के साथ खेल के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
मां से मिली तैराकी की प्रेरणा
अर्जुन सिंह सोलंकी ने वर्ष 2010 से तैराकी का अभ्यास प्रारंभ किया था। उनकी माता श्रीमती ममता सोलंकी स्वयं राज्य स्तरीय तैराकी खिलाड़ी रह चुकी हैं। उन्होंने ही अर्जुन को क्षिप्रा नदी में तैराकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया और इस खेल के प्रति प्रेरित किया। मां से मिली प्रेरणा, निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर अर्जुन ने राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
एशियाई मास्टर्स स्विमिंग चौंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर अर्जुन सिंह सोलंकी ने यह साबित किया है कि लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि से नगर निगम परिवार सहित शहर के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।
