Tuesday, November 3, 2026
Homeउज्जैनराहवीर बने जिंदगी के रक्षक, चार नागरिकों ने बचाई सड़क हादसों में घायलों...

राहवीर बने जिंदगी के रक्षक, चार नागरिकों ने बचाई सड़क हादसों में घायलों की जान; प्रत्येक को मिला 25 हजार का पुरस्कार

उज्जैन, । सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति के लिए गोल्डन ऑवर यानी दुर्घटना के बाद का शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान समय पर उपचार मिलने से घायल की जान बचाई जा सकती है। इसी उद्देश्य से शासन द्वारा संचालित राहवीर योजना के तहत उज्जैन के चार नागरिकों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए सड़क हादसों में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन सराहनीय प्रयासों के लिए चारों वॉलेंटियर्स को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

योजना के तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले पात्र राहवीर को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करने का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को बिना किसी भय के दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए प्रेरित करना है। अक्सर पुलिस कार्रवाई के डर से लोग घायलों की मदद करने से पीछे हट जाते हैं, जबकि राहवीर योजना ऐसे मददगार नागरिकों को प्रोत्साहित करने की पहल है।

उज्जैन निवासी सुमित सेन ने चरक अस्पताल के समीप सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराने में मदद की। इसी प्रकार राकेश नायक ने आगर रोड पर दुर्घटना में घायल व्यक्ति, अंकित भार्गव ने गाड़ी अड्डा पर घायल महिला तथा तालोद निवासी अनिल ने साडूमाता मंदिर के पास उन्हेल रिंग रोड पर दुर्घटना में घायल युवती को समय रहते अस्पताल पहुंचाया। चारों नागरिकों की तत्परता से घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।

कलेक्टर श्री सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ने चारों वॉलेंटियर्स के मानवीय प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। कलेक्टर ने कहा कि सभी ने बेहद पुण्य और मानवता का कार्य किया है। इनके प्रयास समाज के अन्य लोगों के लिए प्रेरणादायक हैं। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना चाहिए।

राहवीर योजना के माध्यम से शासन का प्रयास है कि दुर्घटना के समय लोग पुलिस कार्रवाई के भय से पीछे न हटें, बल्कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में सहयोग करें। योजना के तहत मिलने वाली 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र ऐसे मददगार नागरिकों के योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सम्मानित वॉलेंटियर्स ने जिला प्रशासन द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments