एपीएस एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन के बैनर तले निर्माता आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी द्वारा निर्मित और प्रदीप गुप्ता द्वारा निर्देशित फिल्म ‘नोटिस’ के माध्यम से रामानंद सागर की ऐतिहासिक धारावाहिक ‘रामायण’ से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ने वाली आइकॉनिक जोड़ी—अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया—लगभग 39 साल बाद एक बार फिर स्क्रीन साझा करने जा रही है। अब यह फिल्म आगामी 6 नवंबर 2026 को दोपहर 12:00 बजे ‘Waves OTT’ प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम की जाएगी। डिजिटल प्रीमियर के बाद इस फिल्म का प्रसारण 36 प्रमुख सैटेलाइट टीवी चैनलों पर भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। फिल्म की पटकथा और कहानी आदित्य रघुवंशी व उनकी टीम द्वारा तैयार की गई है। फिल्म ‘नोटिस’ की पृष्ठभूमि एक बेहद संवेदनशील और यथार्थवादी सामाजिक ताने-बाने पर बुनी गई है। फिल्म की मूल कहानी एक मध्यमवर्गीय परिवार और उसकी करीब 150 साल पुरानी पैतृक दुकान के इर्द-गिर्द घूमती है। जब प्रशासनिक मिलीभगत और सरकारी तंत्र उस दुकान को खाली कराने के लिए ‘नोटिस’ थमाता है, तो कैसे एक आम नागरिक और उसका परिवार के सभी सदस्य व्यवस्था की तानाशाही के आगे घुटने टेकने के बजाय सत्य और न्याय के लिए अडिग खड़ा हो जाता है, यही इस फिल्म की आत्मा है. फिल्म का सशक्त ध्येय वाक्य है— “सत्य का एकमात्र सत्य है, कि वो सत्य है।” कंटेंट-प्रायोरिटी सिनेमा देखने वाले दर्शकों के लिए 6 नवंबर को वेव्स ओटीटी पर आ रही ‘नोटिस’ एक विचारोत्तेजक और मार्मिक सामाजिक दस्तावेज साबित होने जा रही है।
प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय
