उज्जैन। रन भोपाल रन समिति द्वारा स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से ‘जय श्री महाकाल रन उज्जैन-2026 (हाफ मैराथन)’ का आयोजन रविवार 4 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। दौड़ का आयोजन सुबह 6 बजे से 11 बजे तक होगा।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन आध्यात्मिक नगरी उज्जैन में आने वाले धावकों और श्रद्धालुओं को शहर की सामाजिक एवं धार्मिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ रखी गई है।
21 किमी हाफ मैराथन सुबह 6 बजे महाकाल खेल प्रांगण से प्रारंभ होकर महानंदा मार्ग, देवास-उज्जैन मार्ग, तीन बत्ती चौराहा, ब्लॉक टावर, कोठी महल, कलेक्टर कार्यालय, लिंक रोड सहित निर्धारित मार्ग से होते हुए वापस महाकाल खेल प्रांगण में समाप्त होगी।
10 किमी दौड़ सुबह 6:30 बजे तथा 5 किमी फन रन सुबह 6:45 बजे महाकाल खेल प्रांगण से प्रारंभ होगी। 5 किमी दौड़ निर्धारित मार्ग से होकर वापस महाकाल खेल प्रांगण में समाप्त होगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ ही उज्जैन की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को देशभर से आने वाले प्रतिभागियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
