उज्जैन, । भगवान महाकालेश्वर की पांचवी सवारी आज धूमधाम से नियत समय पर महाकालेश्वर मंदिर से निकाली गई। सवारी के रामघाट पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने पालकी में विराजित भगवान चन्द्रमौलेश्वर का विधि विधान से पूजन अर्चन किया। पुजारी आशीष शर्मा ने पालकी में विराजित चंद्रमौलेश्वर का माँ शिप्रा के जल से जलाभिषेक करवाया। महाकालेश्वर की सवारी के रामघाट पर पंहुचने पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा की गई ।
सवारी के रामघाट पहुंचने के समय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दत्त अखाडा साइड से नाव में सवार हो कर रामघाट पंहुचे। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल ,लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ,उज्जैन उत्तर विधायक श्री अनिल जैन कालूखेड़ा , बडनगर विधायक श्री जितेंद्र उदय सिंह पंड्या, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी , नगर अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल सहित गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
