उज्जैन। मालवा की समृद्ध एवं ऐतिहासिक लोक नाट्य परंपरा ‘माचÓ को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने हेतु संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली के सहयोग से उज्जैन के लक्कड़गंज (मालीपुरा) स्थित कमेटी हॉल में भव्य ‘लोकनाट्य महोत्सवÓ का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन लोक संस्कृति कला समिति, सागर (म.प्र.) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में झलकारी बाई सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था, त्रिनेत्रा सांस्कृतिक संस्थान तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर साहित्यिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक समिति (उज्जैन) का विशेष सहयोग रहा।
पारंपरिक खेल ‘देवर भौजाईÓ का मनमोहक मंचन लोक नाट्य महोत्सव के अंतर्गत गुरु बालमुकुन्द द्वारा रचित पारंपरिक माच खेल ‘देवर भौजाईÓ की प्रस्तुति हिन्दू विश्राम माच मण्डल, मेंडकवास (देपालपुर, इंदौर) के कलाकारों द्वारा दी गई। माच गुरु बाबूलाल पंवार के निर्देशन एवं सुरेशचन्द्र पंवार के संचालन में कलाकारों ने पारिवारिक मर्यादा, त्याग व मालवी लोक-संस्कृति से ओत-प्रोत कथानक को अपनी ओजस्वी गायकी और संवाद अदायगी से जीवंत कर दिया।
मंच पर भूमिकाएं बाबूलाल पंवार (प्रेमसंतोषी), सुरेशचन्द्र पंवार (राजा), हीरालाल बोड़ाना व अन्तरलाल पंवार (रानी पाठ), हुकमचन्द्र खट्या (शेरखां), विनोद कटारिया एवं कन्हैयालाल ‘कानाÓ (दासी) ने निभाई।
संगतकार हारमोनियम पर मांगीलाल पंवार एवं ढोलक की थाप पर बाबूलाल राव ने समां बांधा।
वरिष्ठ माच कलाकारों व विभूतियों का अभिनंदन –
कार्यक्रम के दौरान मालवा माच परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन में जीवन समर्पित करने वाले वरिष्ठ कलाकारों का शॉल-श्रीफल व स्मृति चिह्न भेंट कर भावभीना सम्मान किया गया। सम्मानित होने वाले वरिष्ठ साधकों में प्रमुख रूप से पुरुषोत्तम पंवार, जानकीलाल गेहलोत, हीरालाल पंवार, नंदकिशोर बारोड़, सत्यनारायण बारोड़, सोमेश्वर गेहलोत, हेमराज लाल रामी (बालमुकुन्द मंडली), जगदीश पटेल गुजराती (माली समाज), माच सुधीर सोयल (ईदुपुरा माच मंडली) एवं गादीपति विजय मारोठिया शामिल रहे।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में मुख्य रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता एवं एल्डरमेन अशोक देवड़ा, भाजपा नगर जिला उपाध्यक्ष उमेश सेंगर, नेता प्रतिपक्ष रवि राय, चंद्रभान सिंह चंदेल, भाजपा पार्षद सत्यनारायण चौहान, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती प्रेमलता ओमप्रकाश रामी, केशव नगर मंडल मंत्री बसंत परिहार, वरिष्ठ रंगकर्मी हफीज खान एवं पार्षद जितेन्द्र सोलंकी उपस्थित रहे। अतिथियों ने मालवा की इस प्राचीन विधा के संरक्षण के लिए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। अंत में क्षेत्रीय पार्षद व गणमान्य जनों द्वारा आभार ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जगरूप सिंह ने किया। जानकारी आयोजन प्रमुख मनोज पंवार ने दी।
