उज्जैन, । जिले में “हर घर तिरंगा अभियान-2026” पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जा रहा है। अभियान के तहत राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम उज्जैन द्वारा भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया।
घोड़े पर सवार होकर कलेक्टर एवं एसपी ने किया नेतृत्व
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा का नेतृत्व कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा ने घोड़े पर सवार होकर हाथ में तिरंगा लेकर किया। सावन की फुहारों के बीच देशभक्ति गीतों की धुन पर अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी, खिलाड़ी एवं नागरिक पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर तरणताल चौराहा, मुंगी चौराहा, तीन बत्ती चौराहा होते हुए घंटाघर चौराहा पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया।
नगर निगम ने शहीद पार्क से निकाली तिरंगा रैली
इसी क्रम में नगर पालिक निगम उज्जैन द्वारा भी गुरुवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ शहीद पार्क से हुआ। शुभारंभ अवसर पर देश की स्वतंत्रता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
इसके पश्चात हाथों में तिरंगा लेकर रैली का शुभारंभ किया गया। तिरंगा रैली शहीद पार्क से टावर चौराहा, चामुंडा माता चौराहा, देवास गेट, मालीपुरा एवं दौलतगंज होते हुए फव्वारा चौक पहुंची। यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं भारत माता की आरती कर रैली का समापन किया गया।
रैली के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” सहित देशभक्ति के नारों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के उत्साह से ओतप्रोत नजर आया। मार्ग में नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए तिरंगे का सम्मान किया और “हर घर तिरंगा” अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग दिया।
जनप्रतिनिधियों एवं शहरवासियों ने बढ़ाया तिरंगा यात्रा का उत्साह
तिरंगा यात्रा में उज्जैन उत्तर विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर श्री मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल, हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष श्री ओम जैन, नगर भाजपा अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल, कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा, निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी, सामाजिक संस्थाओं एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
हर घर तिरंगा फहराने का दिया संदेश
तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया गया।
“हर घर तिरंगा—हर दिल तिरंगा” की भावना को मजबूत करते हुए अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रप्रेम से जोड़ना तथा देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। नगर निगम एवं जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, सम्मान एवं गरिमा के साथ मनाएं।
