भोपाल, । मध्य प्रदेश में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। बीते रविवार को राजगढ़ सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा 11 जिलों में तापमान 43 डिग्री और 4 जिलों में 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी की संभावना जताई है।मौसम विभाग के अनुसार, आज सोमवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर, जबलपुर, दमोह, रीवा, सतना, मंदसौर, रतलाम, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर समेत कई जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, देवास, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, बालाघाट, शहडोल और सिंगरौली समेत कई जिलों में लू का अलर्ट नहीं है, लेकिन तेज गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
रविवार को प्रदेश के 16 शहरों में तापमान 43 डिग्री या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया। राजगढ़ के बाद रतलाम में 44.8 डिग्री, खंडवा में 44.5 डिग्री, नौगांव और खजुराहो में 44.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। गुना में 43.7 डिग्री जबकि श्योपुर, रायसेन और नरसिंहपुर में 43.6 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश के प्रमुख शहरों में उज्जैन का तापमान 43 डिग्री, इंदौर का 42.8 डिग्री, भोपाल का 42.7 डिग्री, ग्वालियर का 42.6 डिग्री और जबलपुर का 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी बनी रहेगी। उन्होंने लोगों से धूप में निकलते समय सावधानी बरतने और पर्याप्त पानी पीने की अपील की है। साथ ही लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
