Saturday, May 30, 2026
Homeराज्यमध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, आज 9 जिलों में ओले-बारिश...

मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, आज 9 जिलों में ओले-बारिश का अलर्ट, कई शहरों में लुढ़का पारा

भोपाल, । मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम ने राहत भरा रुख अपना लिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को ग्वालियर समेत 9 जिलों में ओले गिरने और बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले चार दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, नीमच और मंदसौर में ओलावृष्टि के साथ बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 25 मई से शुरू हुए नौतपा के पहले कुछ दिनों में प्रदेश ने भीषण गर्मी का सामना किया। खजुराहो और नौगांव जैसे शहरों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। हालांकि अब मौसम में बदलाव के चलते कई इलाकों में तापमान तेजी से नीचे आया है।

बीते शुक्रवार को ग्वालियर और दतिया में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। ग्वालियर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और दतिया का 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी तापमान में कमी दर्ज की गई। भोपाल में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री, इंदौर में 39.4 डिग्री, उज्जैन में 41.6 डिग्री और जबलपुर में 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कई अन्य शहरों में भी तापमान सामान्य से नीचे आया। पचमढ़ी में 37.4 डिग्री, रीवा में 38.2 डिग्री, नौगांव में 38 डिग्री और खजुराहो में 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में सबसे अधिक कमी ग्वालियर और दतिया में देखी गई। इसके अलावा खजुराहो में 7.3 डिग्री, नौगांव में 7.5 डिग्री, रीवा में 5.8 डिग्री, सतना में 5.6 डिग्री, भोपाल में 3.2 डिग्री और इंदौर में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 मई से 2 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहेगा। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके चलते लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, देवास, राजगढ़, धार, रतलाम, झाबुआ, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, जबलपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, शहडोल, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली समेत कई जिलों में आंधी और बारिश का मौसम बना रह सकता है। वहीं, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा और बैतूल में अभी भी गर्मी का असर देखने को मिल सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments