उज्जैन। बोहरा समाज के युवक अली मैमून पुत्र मुर्तज़ा अली बड़वाहवाला ने लद्दाख में आयोजित एक कार्यक्रम में 16,077 फीट की ऊंचाई पर बिना ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद से पहुंचकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह कार्यक्रम पांच दिनों तक चला, जिसमें देश भर के बच्चे और युवा शामिल हुए। अली मैमून की इस उपलब्धि से उज्जैन का नाम रोशन हुआ है और युवाओं को साहसिक गतिविधियों और फिटनेस के लिए प्रेरित किया है।अली मैमून ने अपनी इस उपलब्धि से साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प ,धैर्य और हिम्मत से कोई भी चुनौती पार की जा सकती है। कम ऑक्सीजन और कठिन मार्ग जैसी चुनौतियों का सामना करते हुए भी उन्होंने अपने लक्ष्य को प्राप्त किया।उज्जैन के लोगों ने अली मैमून की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया और उज्जैन आगमन पर अभिनंदन किया। अली मैमून की इस सफलता से उज्जैन के युवाओं में साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे भी अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित होंगे। यह जानकारी कासिम अली दानिश ने दी।
