उज्जैन , पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं श्रीमान पुलिस महानिदेशक महोदय तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक महोदय (नार्कोटिक्स) के कुशल मार्गदर्शन में सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में दिनांक 15 जुलाई 2025 से 30 जुलाई 2025 तक “नशे से दूरी है जरूरी” विषय पर प्रदेशव्यापी जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
उक्त अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 22.07.2025 को थाना खाराकुआ पुलिस द्वारा सैमुअल्स कान्वेंट स्कूल, फ्रूट मंडी में स्कूली बच्चों के मध्य नशा मुक्ति जन-जागरूकता हेतु चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही नशे के दुष्परिणामों के प्रति चेतना विकसित करना एवं नशा मुक्त समाज की ओर सकारात्मक संदेश देना रहा।
प्रतियोगिता में स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं “नशे से दूरी है जरूरी” तथा “नशे के दुष्परिणाम” विषय पर प्रभावशाली चित्र प्रस्तुत किए। उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर थाना खाराकुआ पुलिस स्टाफ के सदस्यों द्वारा भी विद्यार्थियों के साथ बैठकर चित्र बनाए गए, जिससे बच्चों में उत्साह और आत्मीयता का संचार हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी बच्चों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुलिस विभाग के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की गई तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों में सहभागिता की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
यह आयोजन नशा उन्मूलन के प्रति पुलिस और समाज के सामूहिक प्रयास का प्रतीक रहा, जो निश्चित ही आने वाली पीढ़ियों को नशामुक्त भारत की दिशा में प्रेरित करेगा।
