Saturday, March 7, 2026
Homeउज्जैनमहाकाल सवारी के दौरान परिवार से बिछड़ी महिला को उज्जैन पुलिस ने...

महाकाल सवारी के दौरान परिवार से बिछड़ी महिला को उज्जैन पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलवाया

उज्जैन , बाबा महाकाल की द्वितीय सवारी के दौरान दर्शन हेतु पधारी एक वृद्ध महिला, सुमन पति रामबाबू सिंह तोमर, उम्र 60 वर्ष, निवासी ग्राम घुसियाना, थाना खेरागढ़, जिला आगर, भीड़ के कारण अपने परिवार से बिछड़ गई थी। महिला शाम लगभग 04:00 बजे महाकाल मंदिर क्षेत्र में भटकते हुए पाई गई, जहां वह घबराहट एवं रोने की अवस्था में थी।

एक जागरूक राहगीर द्वारा उक्त महिला को तत्काल थाना महाकाल लाया गया। थाना प्रभारी महाकाल गगन बादल द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए सहायक उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह चौहान को निर्देशित किया गया कि वे महिला के परिजनों की तलाश करें।

महिला की पहचान एवं मूल निवास स्थान की जानकारी मिलने के उपरांत उज्जैन पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से महिला की जानकारी प्रसारित की गई एवं संबधित ग्राम “घुसियाना” की जानकारी गूगल सर्च के माध्यम से एकत्र कर ग्राम के सरपंच एवं अन्य स्थानीय स्रोतों की सहायता से परिवारजनों के मोबाइल नंबर प्राप्त किए गए।

लगातार प्रयासों के बाद महिला की बेटी से संपर्क स्थापित किया गया, जो तत्काल उज्जैन पहुंची। थाना महाकाल पर अपनी मां को सकुशल पाकर भावविभोर हो गई एवं खुशी के आंसुओं के साथ उज्जैन पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।

उक्त सराहनीय कार्य में महाकाल थाना पुलिस द्वारा मानवीय संवेदनाओं के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित रूप से उसके परिवार से मिलवाया गया, जिससे पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और भी दृढ़ हुआ है।

उज्जैन पुलिस आमजन से अपील करती है कि इस प्रकार की भीड़-भाड़ वाली जगहों पर अपने परिजनों, विशेषकर वृद्धजनों एवं बच्चों का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

जिला पुलिस उज्जैन द्वारा “जन सेवा में सदैव तत्पर” रहते हुए प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा एवं सहायता हेतु प्रतिबद्धता दोहराई जाती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments