उज्जैन, – पुलिस मुख्यालय, भोपाल (मध्यप्रदेश) के निर्देशानुसार जिले में 15 जुलाई 2025 से 30 जुलाई 2025 तक “नशे से दूरी है ज़रूरी” विषय पर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य समाज में नशीले पदार्थों के बढ़ते उपयोग के दुष्प्रभावों के प्रति जनता, विशेषकर युवाओं को जागरूक करना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। मध्यप्रदेश में नशीले पदार्थों के बढ़ते उपयोग से युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है और यह न केवल उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचा रहा है बल्कि अपराधों में भी वृद्धि कर रहा है । इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है जिसमें पुलिस विभाग के साथ-साथ अन्य सरकारी और गैर-सरकारी संगठन (NGOs) भी भाग लेंगे।
विभिन्न संसाधनों के जरिए किया जाएगा जागरूक अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को
जागरूक किया जाएगा, जिनमें नुक्कड़ नाटक, बैनर, पोस्टर, पंपलेट वितरण, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के माध्यम से प्रचार, वीडियो स्क्रीनिंग, सोशल मीडिया अभियान, सफाई वाहनों के माध्यम से संदेश प्रसारण, हेल्पलाइन और वेब पोर्टल प्रचार, ई-शपथ के लिए प्रोत्साहन, स्कूल कॉलेजों में छात्रावास नशामुक्त समिति का गठन और छात्रों को हे ल्पलाइन एप एवं काउंसलिंग से जोड़ना शामिल रहेगा।
समाज में संदेशों के जरिए प्रचार-प्रसार कर फैलाई जाएगी जागरूकताः
“नशे के सौदागरों की सूचना दें, आपकी पहचान रहेगी गोपनीय: यदि आपके आसपास किसी भी प्रकार के अवैध नशीले पदार्थ – जैसे गांजा, स्मैक या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री खरीद फरोख्त या संग्रहण होते हुए दिखाई दे तो तुरंत रेल पुलिस कंट्रोल रूम इंदौर, थाना जीआरपी उज्जैन एवं पुलिस की नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें। आपकी दी गई जानकारी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और आपकी पहचान को पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। समाज को नशा मुक्त बनाने में आपका यह योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
जागरूक नागरिक बनें और नशा रोकथाम में पुलिस का साथ दें।
रेल पुलिस इकाई इंदौर की जनसामान्य से अपीलः-
जीआरपी पुलिस सभी नागरिकों, शिक्षण संस्थाओं, एनजीओ और जनप्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपील करती है ताकि हम सब मिलकर नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ा सकें ।
