पवित्र सावन मास के दौरान विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते प्रसिद्ध ‘महाकाल लड्डू प्रसाद’ की मांग में भारी वृद्धि दर्ज की गई है। लड्डू निर्माण इकाई (चिंतामण) से मंदिर परिसर और विभिन्न वितरण काउंटरों तक प्रसाद की सुचारू आपूर्ति एवं परिवहन व्यवस्था को बनाए रखने के लिए इंडियन ओवरसीज बैंक ने सहायता का हाथ बढ़ाया है।
बैंक ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी पहल के तहत महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति को एक नया लोडिंग वाहन भेंट किया है।
सावन के दौरान लड्डू प्रसाद की बढ़ती खपत को देखते हुए मंदिर के प्रशासक प्रथम कौशिक एवं उप-प्रशासक सिम्मी यादव ने प्रसाद निर्माण इकाई और वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु एक अतिरिक्त वाहन की आवश्यकता जताई थी। मंदिर प्रशासन के इस प्रस्ताव पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इंडियन ओवरसीज बैंक ने सीएसआर फंड के माध्यम से यह वाहन उपलब्ध कराया।
वाहन हस्तांतरण के दौरान इंडियन ओवरसीज बैंक की ओर से जयेश पीठवा, प्रेम नारायण , नवीन कुमार , कुलदीप पंड्या एवं जनसंपर्क एवं सत्कार प्रभारी विपिन सतोरिया उपस्थित रहे। बैंक अधिकारियों ने मंदिर के प्रशासनिक अधिकारियों को वाहन की चाबी सौंपी।
त्वरित सहयोग देने के लिए प्रशासक प्रथम कौशिक और उप-प्रशासक सिम्मी यादव ने इंडियन ओवरसीज बैंक प्रबंधन तथा उपस्थित अधिकारियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
