पांच सत्रों में राजनीतिक प्रस्ताव, सिंहस्थ-2028, महिला सशक्तिकरण, कृषक कल्याण, सामाजिक समरसता और सेवा संकल्प अभियान पर हुआ मंथन
उज्जैन।भारतीय जनता पार्टी जिला उज्जैन ग्रामीण की जिला कार्यसमिति बैठक आज नागदा के स्नेह कुंज परिसर में आयोजित हुई। संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस बैठक में जिले के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों एवं जिला कार्यसमिति सदस्यों ने सहभागिता की। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, राजनीतिक एवं सामाजिक विषयों, सिंहस्थ-2028 की तैयारियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सेवा संकल्प अभियान को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् गान के साथ हुआ। इसके पश्चात भाजपा परिवार के दिवंगत सदस्यों एवं परिवारजनों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मौन रखा गया।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़, जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री श्रीमती बबीता परमार, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, मध्यप्रदेश गृह निर्माण अधोसंरचना मंडल अध्यक्ष ओम जैन,सहकारिता विभाग प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक किशन भटौल, पूर्व असंगठित कामगार बोर्ड मंडल अध्यक्ष सुल्तान सिंह शेखावत पूर्व जिला अध्यक्ष श्याम बंसल ,बहादुर सिंह बोरमुडला
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमलाकुंवर अंतरसिंह देवड़ा, जिला महामंत्री राकेश यादव एवं श्याम शर्मा,सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के प्रथम सत्र में जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़ ने कार्यसमिति को संबोधित किया। उन्होंने स्वागत भाषण के बाद संगठनात्मक कार्यक्रमों में समय प्रबंधन, अनुशासन और सक्रिय सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कार्यक्रमों को संचालित करने का आग्रह किया।
जिलाध्यक्ष ने PPT प्रस्तुति के माध्यम से संगठन की आगामी गतिविधियों, विभिन्न कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क अभियानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय एवं प्रभावी बनाकर ही जनसेवा के कार्यों को व्यापक रूप दिया जा सकता है।
उन्होंने मंडल अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न योजनाओं एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए टोली गठित कर प्रभारी निर्धारित करने के साथ ही 9 सितंबर को प्रत्येक मंडल में बैठक आयोजित कर आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना को गति देने पर जोर दिया।
राजेश धाकड़ ने PPT के माध्यम से ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान की जानकारी भी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा, केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
बैठक के दूसरे सत्र में जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री श्रीमती बबीता परमार ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
तीसरे सत्र में सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने ‘विकसित मध्यप्रदेश एवं सिंहस्थ-2028 उज्जैन’ विषय पर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाला सिंहस्थ भव्य, दिव्य, अविस्मरणीय और अलौकिक होगा। उन्होंने बताया कि लगभग 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में सिंहस्थ से संबंधित कार्यों को गति दी जा रही है।
अग्रवाल ने मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास एवं निवेश की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र में हुए विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि महाकाल लोक के निर्माण से उज्जैन में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है तथा शहर का धार्मिक एवं आर्थिक महत्व बढ़ा है।
चतुर्थ सत्र में ओम जैन, अध्यक्ष मध्यप्रदेश गृह निर्माण अधोसंरचना मंडल, ने महिला सशक्तिकरण एवं युवा कल्याण, स्वास्थ्य तथा समान नागरिक संहिता विधेयक विषय पर विचार रखे। उन्होंने महिला एवं युवा वर्ग के कल्याण, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा संबंधित सामाजिक एवं विधिक विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
कार्यसमिति के अगले विषयगत सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम बंसल ने कृषक कल्याण-2026, जल संरक्षण, गौ-संवर्धन एवं दुग्ध उत्पादन, गरीब कल्याण, सामाजिक समरसता तथा संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती जैसे विषयों पर चर्चा की।
जिला कार्यसमिति बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा आगामी अभियानों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहा।
बैठक के दौरान विभिन्न सत्रों में मंचासीन अतिथियों का जिला एवं मंडल पदाधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश यादव ने किया। अंत में जिला महामंत्री श्याम शर्मा ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगीत के साथ बैठक का समापन हुआ, जिसके पश्चात सभी कार्यकर्ताओं ने सहभोज में सहभागिता की।
उपरोक्त जानकारी गजेन्द्र परमार व नीलेश मेहता द्वारा दी गई।
