उज्जैन । नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव ने कहा कि सभी विद्यार्थी अच्छे से पढ़ाई कर जिले का नाम रौशन करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल कूद और साहित्यकि गतिविधियों में भी बढ़ चढ़कर भाग लें।
श्रीमती यादव आज यहां स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित स्कूल चले हम अभियान के कार्यक्रम में बोल रही थी। यह कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. माधवनगर में आयोजित किया गया था। उज्जैन जिले में नवीन शिक्षण सत्र वर्ष 2026-27 एक अप्रैल से शुरु हुआ है। यह नवीन शिक्षण सत्र स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल चले हम अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। यह अभियान 04 अप्रैल तक प्रतिदिन जिले की शालाओं में चलेगा। इस कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा सांकेतिक रूप में 15 विद्यार्थियों को पुस्तक वितरण एवं 05 विद्यार्थियों को साईकल वितरण किया गया है। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शिवानी कुंवर, श्री संजय अग्रवाल, पार्षद श्रीमती दुर्गा शक्ति सिंह चौधरी, उपस्थित थे। अतिथियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों का प्रवेशोत्सव मनाया गया। अतिथियों ने उपस्थित विद्यार्थियों को प्रवेशोत्सव के मौके पर शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर डीईओ, डीपीसी, एडीपीसी, बीईओ और विद्यालय के प्राचार्य उपस्थित रहें।
सीधा प्रसारण दिखाया
उत्कृष्ट उ.मा.वि. माधवनगर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान भोपाल में हो रहे स्कूल चले हम अभियान के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन भी हुआ। उन्होंने संबोधन में कहां कि देश के विकास के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में कदम से कदम मिलाकर चल रही है। प्रदेश में 01 से 04 अप्रैल तक स्कूल चले हम अभियान चलेगा और बच्चों को प्रदेश के स्कूलों में प्रवेश दिया जाएगा।
