उज्जैन, । मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा की पूर्वांचल और पूर्वोत्तर के अद्भुत छठ महापर्व की सभी देश- प्रदेशवासियों को मंगलकामनाएं और बधाइयां। छठ मैया का महापर्व वैज्ञानिक पद्धति आधारित होकर सूर्य और जल की उपासना का पर्व है। भगवान सूर्यनारायरण सम्पूर्ण सृष्टि को ऊर्जा देकर सृष्टि का संचालन करते है वही जल से ही जीवन की उत्पत्ति हुई है। यह व्रत हमें आत्म नियंत्रण ,संयम और आत्मबल प्रदान करता है। अस्त और उदय होते हुए सूर्य का पूजन करने वाले इस पर्व की बात ही निराली है। यह उद्बोधन मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय स्थित विक्रम सरोवर पर आयोजित छठ पूजन के कार्यक्रम में दिया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा की बिहार भारत की दिशा तय करता है।बिहार पर परमात्मा का विशेष आशीर्वाद है। बिहार बुद्ध और महावीर की भूमि भी है जिन्होंने अपने ज्ञान से देश ही नहीं संपूर्ण दुनिया को दिशा प्रदान की है। सबसे ज्यादा आईएस,आईपीएस किसी राज्य से निकलते हैं तो वह बिहार है। सरलता,निश्चलता , क्षमता और योग्यता के बल पर संपूर्ण भारत में बिहार वासी अपनी पहचान बनाते है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा की मध्य प्रदेश से बिहार का संबंध तो आदिकाल से है।मध्य प्रदेश को नदियों का मायका कहा गया है। शिप्रा मैया का जल बिहार तक चंबल मैया ,यमुना मैया और गंगा मैया के माध्यम से पहुंचता है।अमरकंटक से निकली सोन नदी गंगा मैया के माध्यम से बिहार पहुंचकर वहां समृद्धि फैलाती है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा की माताओं और बहनों द्वारा देश,प्रदेश और परिवार की समृद्धि के लिए छठी मैया का व्रत रखा जाता है।माताओं और बहनों का त्याग कुटुंब और परिवार की एकता को कायम रखता है । हमारी संस्कृति मातृ शक्ति आधारित संस्कृति है,हमारे देश को भी माता “भारत माता” माना गया है। माताएं और बहनें अपने परिवार में सभी कष्ट सहकर भी पूरे परिवार की सेवा कर मंगल की कामना करती है। माताएं और बहने सबसे बड़ी योद्धा होती है।
भारत की एकता में यह सभी पर्व और त्यौहार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। माता और बहनों का त्याग ही हमारे देश को “अखंडता” और “अनेकता में एकता” के सूत्र में पिरोता है। कुटुंब परंपरा का यह पर्व लाखों सालों से चलता आया है। छठ मैया का यह पर्व माता सीता से भी जुड़ता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना है। वही सीतामढ़ी में भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 800 करोड़ की लागत से भव्य मंदिर बनाया जा रहा है। माता सीता का जीवन संपूर्ण भारत के लिए प्रेरणा स्त्रोत है वो राजकुमारी होकर भी वन में गई। रामराज्य की अवधारणा भी माता सीता के संकल्प से पूर्ण हुई।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उज्जैन स्थित विक्रम सरोवर पर मिथिला घाट के निर्माण की सौगात दी
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा की विक्रम सरोवर सम्राट विक्रमादित्य के शौर्य का प्रतीक। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कार्यक्रम में विक्रम सरोवर पर मिथिला घाट के निर्माण की घोषणा की। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विक्रम सरोवर पर छठ पूजन में सम्मिलित होकर पूजन किया। इसके पश्चात उन्होंने श्रद्धालुओं से चर्चा कर छठ महापर्व की मंगलकामनाएं दी और प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा,श्री संजय अग्रवाल,श्री रवि सोलंकी,श्री अभिषेक मिश्रा ,श्री अक्षय झा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
