उज्जैन। उज्जैन का ऐतिहासिक दशहरा महोत्सव इस वर्ष 2 अक्टूबर 2025, गुरुवार की शाम दशहरा मैदान में धूमधाम से मनाया जाएगा। यह आयोजन स्व. लाला अमरनाथ द्वारा शुरू की गई परम्परा का 62वां वर्ष है, जिसे उनका परिवार लगातार निभा रहा है।
आयोजन समिति के प्रमुख शिवा खत्री ने बताया कि इस बार 101 फीट ऊँचे रावण के पुतले को आतंकी स्वरूप दिया गया है। रावण के हाथों में AK-47 और ब्रह्मास्त्र मिसाइल होगी, जो अच्छाई पर बुराई की जीत का प्रतीक बनेगा। रावण का यह पुतला उज्जैन के कलाकार रामलखन कहार द्वारा तैयार किया गया है।
महोत्सव की भव्यता बढ़ाने के लिए देवास के रशीद खान, ग्वालियर के सीताराम और अन्य कलाकारों द्वारा आकर्षक आतिशबाजी प्रस्तुत की जाएगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ संभागायुक्त आशीष सिंह और जिलाधीश रोशन कुमार सिंह करेंगे। आतिशबाजी का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा द्वारा किया जाएगा।
मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथियों में सांसद अनिल फिरोजिया, पूर्व सांसद डॉ. सत्यनारायण जटिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक महेश परमार, महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति कलावती यादव, भाजपा शहर अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी शामिल होंगे।
सायंकाल 7 बजे से महोत्सव की शुरुआत होगी, जिसमें ज्वलंत शर्मा एवं अमित शर्मा समूह भजन प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनामिका शर्मा करेंगी।
समिति के समन्वयक डॉ. प्रकाश रघुवंशी सहित शहर के कई समाजसेवियों ने नागरिकों से इस भव्य आयोजन में उपस्थित होकर सफल बनाने की अपील की है।
