भोपाल, । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को झाबुआ जिले के पेटलावद में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजनान्तर्गत प्रदेश की 1.26 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खाते में 28वीं किश्त के 1541 करोड़ रुपये से अधिक राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनान्तर्गत प्रदेश के 53.48 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों के खातों में 320.89 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भी सिंगल क्लिक से अतंरित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार दोपहर झाबुआ जिले के पेटलावद पहुंचे और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल जिले भर आई लाड़ली बहनों पर पुष्पवर्षा कर अभिवादन एवं स्वागत किया। जिले की संस्कृति के अनुरूप मुख्यमंत्री को तीर कमान , झुलड़ी एवं साफा पहना कर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री कन्याओं का पूजन कर लाडली बहना सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने झाबुआ जिले के 345.34 करोड़ लागत की राशि के 72 से अधिक विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसमें विभिन्न विभागों के 194.56 करोड़ लागत राशि के 35 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 150.78 करोड़ लागत राशि के 37 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पेटलावद में लाडली बहना सम्मेलन के दौरान विभिन्न विभागों और स्वसहायता समूह द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा तैयार जनजातीय आयुर्वेदिक परंपरा एवं चिकित्सा ज्ञान पर केंद्रित पुस्तक “झाबुआ के संजीवक” का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में जिले प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें मौजूद रहीं।
