Saturday, March 7, 2026
Homeउज्जैनसी.एम. हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए पुलिस विभाग...

सी.एम. हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए पुलिस विभाग के द्वारा विशेष शिविर का आयोजन किया गया

उज्जैन । मंगलवार को अति.पु.म.नि. उज्जैन जोन श्री उमेश जोगा के निर्देशानुसार व मार्गदर्शन में जोन के समस्त जिलों में सी.एम. हेल्पलाइन पर प्राप्त लंबित शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण हेतु एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया।

गौरतलब है कि उन्होंने जोन के दोनो डीआईजी एवं जिलों के सभी पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि पीड़ितों/फरियादियों को थाने व चौकियों के बार-बार चक्कर न काटना पड़े व उनकी समस्याओं का एक बार में ही संतुष्टि पूर्वक निराकरण किया जाए।

शिविर के दौरान प्रत्येक थाना क्षेत्र की पुलिस टीम ने अपने अपने थाना क्षेत्र में प्राप्त लंबित सी.एम. हेल्पलाइन शिकायतों की सूची के अनुसार कार्यवाही की। संबंधित थाना प्रभारी एवं अधिकारीगण ने अपने अधीनस्थ स्टाफ के साथ मिलकर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही परीक्षण करते हुए उनका त्वरित समाधान किया। शिकायतकर्ताओं को उचित जानकारी, समाधान की स्थिति तथा आगामी कार्यवाही के बारे में भी अवगत कराया गया।

इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य शिकायतकर्ताओं की शिकायत का संतोष जनक निराकरण करना तथा प्रारंभिक स्तर पर घटनाओं की जानकारी प्राप्त कर उन्हें बड़ी घटना में परिवर्तित होने से रोकना है।

मंगलवार को विशेष शिविर के माध्यम से उज्जैन जोन के जिला उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर मालवा, रतलाम, मंदसौर एवं नीमच की कुल 623 सी.एम. हेल्पलाइन शिकायतों का संतोषजनक एवं प्रभावी निराकरण किया गया।

इसी प्रकार पूर्व में विगत 26 अगस्त को जोन के सभी जिलों में विभिन्न थानों पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें 586 सीएम हेल्पलाईन शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया था।

उल्लेखनीय है कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन जोन के द्वारा जोन के सभी जिलों की सतत निगरानी एवं विशेष मार्गदर्शन के फलस्वरूप उज्जैन जोन के सभी जिलों को मप्र शासन द्वारा प्रतिमाह जारी की जाने वाली सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग में माह जनवरी से लेकर अगस्त तक 08 माह से लगातार A श्रेणी प्राप्त हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments