उज्जैन, । उज्जैन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वर्गीय माताजी पर अभद्र टिप्पणी का विरोध करते हुए सोमवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया गया। भाजपा के इस हल्ला बोल प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं दूसरी ओर शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा संभाला हुआ था।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा सोमवार को हल्ला बोल रैली चामुंडा माता चौराहा से निकाली गई। जिमसें बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद और कार्यकर्ता शामिल हुए। यहां से सभी रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए क्षीरसागर स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के कुछ दूर पहले ही बेरिकेड्स लगा दिए थे। भाजपा के हल्ला बोल प्रदर्शन को देखते हुए, टकराव को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात था। चामुंडा माता चौराहा से लेकर कांग्रेस कार्यालय तक पुलिस ने कई स्थानों पर बेरिकेड्स लगाए थे। भाजपा की ओर से सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस की ओर से शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी, जिला अध्यक्ष विधायक महेश परमार और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष रवि राय सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।
