अमेरिका ने अपने नागरिकों, खासतौर पर ईरानी मूल के अमेरिकियों को सख्त चेतावनी दी है कि वे फिलहाल ईरान की यात्रा करने से बचें. विदेश मंत्रालय ने साफ कहा है कि बमबारी भले ही थम गई हो, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है. यह चेतावनी उस वक्त आई है जब अमेरिका और ईरान के रिश्तों में फिर से तनाव गहराता दिखाई दे रहा है
.क्यों दी गई चेतावनी?
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने गुरुवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में स्पष्ट किया कि ईरान दोहरी नागरिकता को मान्यता नहीं देता. ऐसे में अगर कोई अमेरिकी नागरिक, जिनकी जड़ें ईरान में हैं, वहां पकड़ा जाता है, तो उसे अमेरिकी दूतावास की मदद नहीं मिलती. टैमी ब्रूस ने कहा, “हम यह साफ कर देना चाहते हैं कि फिलहाल ईरान की यात्रा सुरक्षित नहीं है.”
इस संदर्भ में अमेरिका ने एक नई वेबसाइट शुरू की है, जो अमेरिकियों को ईरान यात्रा से जुड़ी हर जानकारी और जोखिम के बारे में आगाह करती है. यह साइट कई भाषाओं में जानकारी देती है, ताकि संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे.
