उज्जैन। पंचकोसी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1000 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। इसमें 200 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। साथ ही निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे भी उड़ाए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन को पंचकोसी यात्रा में इस बार करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। इस बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा चप्पे चप्पे पर निगरानी की गई हैं। हर पड़ाव स्थल के साथ साथ मार्ग पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा। मामले में उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि 118 किलोमीटर की यह यात्रा गर्मी के मौसम में काफी कठिन होती है, क्योंकि श्रद्धालु इसे पैदल पूरा करते हैं। इस दौरान कई पड़ाव स्थल आते हैं, जहां पुलिस की ड्यूटी के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखना होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए हम यात्रा के सभी पड़ावों से लगे सभी क्षेत्रों में असामाजिक लोगों, जेबकतरों, बदमाशों की सर्चिंग कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की कोई चूक न हो। इसके साथ ही पुलिस ड्रोन के माध्यम से यात्रा के दौरान होने वाली गतिविधियों की निगरानी कर रही हैं।
