Thursday, April 23, 2026
Homeउज्जैनमहाकाल के दरबार में सितारों की हाजिरी, भस्म आरती में शामिल होकर...

महाकाल के दरबार में सितारों की हाजिरी, भस्म आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद, दिव्य अनुभव से हुए अभिभूत

उज्जैन, । मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बुधवार की सुबह भक्ति और आस्था का विशेष संगम देखने को मिला, जब फिल्म और टीवी जगत के कई प्रसिद्ध चेहरे भगवान महाकाल के दरबार में पहुंचे।

प्रसिद्ध अभिनेत्री उल्का गुप्ता, गुजराती सिंगर किंजल दवे, साउथ फिल्म एक्ट्रेस मोनल गज्जर और पूर्व क्रिकेटर सुनील जोशी ने तड़के भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। सुबह करीब 4 बजे सभी श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक भस्म आरती में लीन रहे। मंत्रोच्चार, घंटियों और तालियों की गूंज के बीच पूरा वातावरण शिवमय हो गया। इस दौरान सभी सितारे भक्ति में डूबे नजर आए और भगवान महाकाल का जाप करते रहे।

भस्म आरती के बाद सभी ने नंदी जी का पूजन कर उनकी कान में अपनी मनोकामनाएं कहीं। यह मंदिर की प्राचीन और विशेष परंपरा मानी जाती है। इसके बाद उन्होंने विधि-विधान से भगवान का जलाभिषेक किया और दर्शन किए। मंदिर समिति की ओर से सभी का सम्मान भी किया गया।

“शब्दों में बयां नहीं हो सकता अनुभव”

अभिनेत्री उल्का गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महाकाल के दर्शन उनके लिए बेहद भावुक और दिव्य क्षण रहे। उन्होंने बताया कि मंदिर का वातावरण इतना अलौकिक था कि समय का अहसास ही नहीं हुआ। उन्हाेंने कहा कि शिवलिंग का श्रृंगार और जल अर्पण को इतने करीब से देखना एक अद्भुत अनुभव रहा। भस्म आरती के दौरान मंत्रों की गूंज और श्रद्धालुओं की ऊर्जा ने उन्हें अंदर तक रोमांचित कर दिया। उन्होंने कहा कि हर शिव भक्त को जीवन में कम से कम एक बार इस आरती का अनुभव जरूर करना चाहिए।

आस्था का बढ़ता आकर्षण

उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। खासतौर पर भस्म आरती का महत्व देश-विदेश तक प्रसिद्ध है। हाल के वर्षों में यहां सेलिब्रिटीज की बढ़ती मौजूदगी ने इस धार्मिक स्थल के आकर्षण को और भी बढ़ा दिया है। महाकाल का यह दरबार अब सिर्फ आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि एक ऐसी आध्यात्मिक ऊर्जा का स्थान बन चुका है, जहां हर आने वाला भक्त खुद को एक अलग ही अनुभूति से जुड़ा हुआ महसूस करता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments