Thursday, May 9, 2024

हवा में हंगामा

डॉ. महेश परिमल

हममें से शायद ही ऐसा कोई होगा, जिसका ट्रेन या बस में सीट को लेकर विवाद न हुआ हो। अक्सर ऐसा हो ही जाता है। कभी गलत ट्रेन में चढ़ने पर, गलत कोच में चले जाने पर, गलत सीट पर बैठ जाने पर या फिर किसी अन्य मामले में यात्रियों से विवाद हो ही जाते हैं। पर विमान में यदि यात्री आपस में उलझें, अपशब्दों का प्रयोग करें, मारपीट करें, तो इसे क्या कहा जाए? आम धारणा है कि विमान में यात्रा करने वाले लोग सभ्य होते हैं। क्योंकि हवाई टिकट खरीदना आम आदमी के बस में नहीं होता। पर आजकल एयरपोर्ट पर भी रेल्वे स्टेशन, बस स्टेंड जैसी भीड़ होने लगी है, तो तय है कि इसमें भी वैसे ही लोग आएंगे, जिनकी मानसिकता रेल्वे स्टेशन या बस स्टैंड के यात्रियों जैसी होती है।

26 दिसम्बर को बैंकाक से कोलकाता आ रही फ्लाइट में यात्रियों में हुए विवाद का जो वीडियो वायरल हुआ है, उससे यही सिद्ध होता है कि विमान के टिकट के साथ शिष्टाचार नहीं मिलता। शिष्टाचार यानी तमीज को हमें ही लानी होती है। धन-दौलत से आप सब कुछ खरीद सकते हैं, पर क्लास तो नहीं खरीद सकते। ट्रेन में विभिन्न तरह के यात्री होते हैं, जिनसे निपटना बहुत ही मुश्किल होता है। कई बार ट्रेन में विवाद जान पर बन आते हैं। गुस्सा इतना अधिक बढ़ जाता है, कि लोग अपने प्रतिद्वंद्वी को चलती ट्रेन से बाहर फेंक देते हैं। अरुणिमा सिन्हा का मामला इसका जीता-जागता उदाहरण है। ऐसी प्रवृत्ति के लोग जब विमान में सफर कर रहे होते हैं, तो वे दूसरों के लिए भी मुसीबत बन जाते हैं। ऐसे लोगों को भविष्य में विमान का टिकट ही नहीं मिलना चाहिए। यह एक उपाय हो सकता है, पर इससे यात्री की प्रवृत्ति बदल जाएगी, यह सोचना गलत होगा। उनके साथ कुछ ऐसा होना चाहिए, जिससे अन्य यात्रियों को सबक मिले।

अक्सर ऐसा होता है कि विमान में यात्री एयर होस्टेस को अपना नौकर समझ लेने की भूल कर बैठते हैं। इसलिए उन्हें बार-बार बुलाकर उससे बात करने का बहाना तलाशने लगते हैं। ऐसा करके वे ये सोचते हैं कि इससे उन्हें किसी तरह के मीठे आनंद की प्राप्ति हो रही है। यही मीठा आनंद उन्हें तकलीफ में भी डाल सकता है, इसका अंदाजा उन्हें नहीं हो पाता। जिन्हें विवाद पसंद ही नहीं है, ऐसे लोग ट्रेन में भारी शोरगुल के बीच खड़े होकर आराम से यात्रा कर लेते हैं। पर कुछ लोग विवाद का अवसर ढूंढते रहते हैं। जहां मौका मिला, अपनी औकात दिखा देते हैं। फिर वे यह भूल जाते हैं कि हम कहां सफर कर रहे हैं। इस विवाद में अपशब्दों का खुलकर प्रयोग होता है। जो यह दर्शाता है कि उन्होंने यात्रा का टिकट तो खरीद लिया, पर शिष्टाचार नहीं खरीद पाए। 

शिष्टाचार भीतर से आता है, इसका कहीं भी प्रशिक्षण नहीं दिया जाता। इसके बाद भी जब दो गुटों में विवाद होता है, तो दोनों ही गुट अपने होने का अहसास कराते हैं। पर जैसे ही वहां पुलिस का आगमन होता है, तो दोनों ही गुट सभ्य होने का ढोंग करने लगते हैं। इसका आशय यही हुआ है कि कहीं न कहीं उनके भीतर सभ्यता दुबकी पड़ी है। शिष्टाचार उन्हें आता तो है, पर विवाद के दौरान वे उसका प्रदर्शन नहीं करना चाहते। पुलिस के आते ही वे शिष्टाचार का बाना धारण कर लेते हैं। यह माना जाता है कि निचली झोपड़पटि्टयों में रहने वाले लोग अशिष्ट होते हैं, दूसरी ओर हाई-फाई कॉलोनी में रहने वाले लोग सभ्य होते हैं। पर कई बार इसका उल्टा ही नजारा देखने को मिलता है। पहले जहां महिलाएं होती हैं, वहां अपशब्द बोलना असभ्यता की निशानी माना जाता था, पर अब वह बात नहीं रही, क्योंकि महिलाएं भी खुलकर अपशब्दों का प्रयोग करती हैं।

कुल मिलाकर यही कहा जा सकता है कि अब लोग पहले से भी अधिक आक्रामक होने लगे हैं। धैर्य का पूरी तरह से अभाव देखा जाने लगा है। कुछ अव्यवस्थाओं के बीच लोग अपना आपा खोने में देर नहीं करते। सामने वाली की बातों को समझने की कोशिश भी नहीं होती। जब तक सामने वाला अपनी बात समझाता है, तब तक काफी देर हो जाती है। इसलिए विमान में यात्रा करने वाले लो सभ्य ही होते हैं, यह धारणा भी अब निर्मूल साबित हो रही है। इसलिए अच्छा यही है कि स्वयं शांत रहें, अव्यवस्थाओं को जीवन का हिस्सा मान लें, जो विवाद करता है, उसे मजबूरियों का मारा मान लिया जाए। विवाद उत्पन्न ही न हो, इसकी पूरी कोशिश की जाए। तभी आप यात्रा का पूरा आनंद उठा पाएंगे। 

जब लोग विवाद पर उतारू हो जाते हैं, वास्तव में तभी उनका सही चरित्र उभरकर सामने आता है। कहा भी यही गया है कि इंसान गुस्से में जिस भाषा का इस्तेमाल करता हैा, वास्तव में वही उसकी असली पहचान है। गुस्से से ही व्यक्तित्व की सारी खूबियां सामने आती हैं। इसलिए जिसने अपने गुस्से पा काबू पा लिया, समझो उनसे संसार जीत लिया। विवाद के पहले ही यदि गुस्से पर काबू पा लिया जाए, तो ट्रेन, बस या विमान का सफर ही नहीं, जीवन का सफर भी आसान हो जाएगा। 

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles